रायपुर (विश्व परिवार)। श्री नारायण प्रसाद अवस्थी शासकीय स्वशासी आयुर्वेद महाविद्यालय, रायपुर में शुक्रवार को योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डॉ. सुनीता जैन के मार्गदर्शन में योग साधकों एवं प्रतिभागियों ने 108 बार सूर्य नमस्कार कर योग की महत्ता को दर्शाया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सहायिका अन्सुइया, रोशन शर्मा, राजेन्द्र परख एवं ललिता अग्रवाल सहित सभी योग सदस्यों का सराहनीय सहयोग रहा। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम की सफलता पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रवीण कुमार जोशी, विभागाध्यक्ष स्वास्थ्यवृत्त तथा डॉ. प्रदीप सूर्यवंशी ने डॉ. सुनीता जैन को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने की दिशा में प्रेरणादायी हैं।
यह योग कार्यक्रम शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य सुदृढ़ करने की दिशा में एक सफल और अनुकरणीय पहल रहा।




