Blog

टॉप-10 कंपनियों में से 4 का m-cap ₹2.18 लाख करोड़ बढ़ा, LIC और SBI को सबसे ज्यादा फायदा

बीते हफ्ते बीएसई के 30 शेयरों वाले सेंसेक्स में 490.14 अंक या 0.67 फीसदी की गिरावट आई. वहीं, सेंसेक्स की टॉप-10 में से 4 कंपनियों के बाजार हैसियत यानी मार्केट कैप में बीते हफ्ते 2.18 लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई. सबसे अधिक लाभ भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) को हुआ. टॉप-10 कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), एलआईसी और एसबीआई के मार्केट कैप में बढ़ोतरी हुई. इन कंपनियों का मार्केट वैल्यूएशन सामूहिक रूप से 2,18,598.29 करोड़ रुपये बढ़ गया.

वहीं दूसरी ओर एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, इंफोसिस, भारती एयरटेल, हिंदुस्तान यूनिलीवर और आईटीसी के मार्केट वैल्यूएशन में सामूहिक रूप से 1,06,631.39 करोड़ रुपये की गिरावट आई.

इन 4 कंपनियों में मार्केट कैप में इजाफा
रिपोर्टिंग वीक में एलआईसी का मार्केट वैल्यूएशन 86,146.47 करोड़ रुपये बढ़कर 6,83,637.38 करोड़ रुपये हो गया. एलआईसी का शेयर सोमवार को लगभग 6 फीसदी की बढ़त के साथ पहली बार 1,000 रुपये के स्तर पर पहुंच गया. इस दौरान एसबीआई की बाजार हैसियत 65,908.26 करोड़ रुपये बढ़कर 6,46,365.02 करोड़ रुपये हो गई. टीसीएस का मार्केट वैल्यूएशन 61,435.47 करोड़ रुपये बढ़कर 15,12,743.31 करोड़ रुपये और रिलायंस इंडस्ट्रीज का 5,108.09 करोड़ रुपये के उछाल के साथ 19,77,136.54 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. टीसीएस के शेयर में मंगलवार को 4 फीसदी का उछाल आया, जिससे इसका मार्केट वैल्यूएशन 15 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया.

बाकी 6 कंपनियों में से किसको कितना नुकसान
इस रुख के उलट एचडीएफसी बैंक का मार्केट कैप 32,963.94 करोड़ रुपये घटकर 10,65,808.71 करोड़ रुपये रह गया. आईटीसी का वैल्यूएशन 30,698.62 करोड़ रुपये घटकर 5,18,632.02 करोड़ रुपये पर आ गया.भारती एयरटेल की बाजार हैसियत 16,132.15 करोड़ रुपये घटकर 6,31,044.50 करोड़ रुपये रह गई. इंफोसिस का वैल्यूएशन 10,044.09 करोड़ रुपये कम होकर 6,92,980.35 करोड़ रुपये रह गया. आईसीआईसीआई बैंक के वैल्यूएशन में 9,779.06 करोड़ रुपये की गिरावट आई और यह 7,09,254.77 करोड़ रुपये पर आ गया. हिंदुस्तान यूनिलीवर का मार्केट कैप 7,013.53 करोड़ रुपये घटकर 5,69,587.91 करोड़ रुपये रह गया.

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts