Blog

ISIS में शामिल होकर खेलना चाहता था मौत का खेल, गुवाहाटी से पकड़ा गया IIT छात्र

ISIS आतंकवादी समूह में कथित रूप से शामिल होने जा रहे भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान-गुवाहाटी (IIT-G) के एक छात्र को पुलिस ने हिरासत में लिया है. पुलिस ने यह जानकारी दी. छात्र को शनिवार शाम गुवाहाटी के पास हाजो इलाके से पकड़ा गया.

छात्र को हिरासत में लिए जाने से चार दिन पहले ही ‘ISIS इंडिया’ के प्रमुख हारिस फारूकी और उसके एक सहायक को बांग्लादेश से सीमा पार कर असम के धुबरी में पहुंचने पर गिरफ्तार किया गया था. पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) जी पी सिंह ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘ISIS के प्रति निष्ठा की शपथ लेने वाले आईआईटी गुवाहाटी के छात्र को हिरासत में लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.’’

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एसटीएफ) कल्याण कुमार पाठक ने कहा, ‘‘एक ईमेल प्राप्त होने के बाद हमने सामग्री की प्रामाणिकता की पुष्टि की और जांच शुरू की.’’ यह ईमेल छात्र ने भेजा था, जिसमें उसने दावा किया था कि वह ISIS में शामिल होने जा रहा है. पाठक ने बताया कि आईआईटी-गुवाहाटी के प्राधिकारियों से तुरंत संपर्क किया गया, जिन्होंने उन्हें सूचित किया कि उक्त छात्र दोपहर से ‘‘लापता’’ है और उसका मोबाइल फोन भी बंद था.

उन्होंने बताया कि वह चौथे वर्ष का छात्र है और दिल्ली के ओखला का रहने वाला है. एएसपी ने बताया कि उसकी तलाश शुरू की गई और स्थानीय लोगों की मदद से शनिवार शाम को गुवाहाटी से लगभग 30 किलोमीटर दूर हाजो इलाके से उसे पकड़ लिया गया. पाठक ने कहा, ‘‘प्रारंभिक पूछताछ के बाद उसे एसटीएफ कार्यालय लाया गया है. हम ईमेल के मकसद की पुष्टि कर रहे हैं.’’

उन्होंने कहा कि उसके छात्रावास के कमरे में ‘‘कथित तौर पर ISIS के झंडे जैसा’’ एक काला झंडा मिला और इसे प्रतिबंधित संगठनों से निपटने वाली विशेष एजेंसियों को सत्यापन के लिए भेजा जा रहा है. पाठक ने कहा, ‘‘हम जब्त किए गए सामान की जांच कर रहे हैं. अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी. हम ईमेल भेजने के इरादे की जांच कर रहे हैं. छात्र ने कुछ जानकारी दी है, लेकिन हम अभी और कुछ नहीं बता सकते.’’

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts